महाराष्ट्र भूमि | नवी मुंबई:
दिनभर काम पर जाने वाले नागरिकों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और आम जनता की सुविधा के लिए दोपहर के बाद आरोग्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किए जा रहे ‘शहरी आरोग्यवर्धिनी केंद्र’ अत्यंत महत्वपूर्ण और लाभकारी सिद्ध होंगे। इनका उपयोग स्थानीय निवासियों के प्राथमिक इलाज के लिए बेहतरीन ढंग से होगा। यह विश्वास नवी मुंबई की महापौर श्रीमती सुजाता पाटिल ने व्यक्त किया।
नवी मुंबई महानगरपालिका की ओर से घणसोली प्रभाग के अश्विननगर वारलीपाड़ा क्षेत्र में ‘शहरी आरोग्यवर्धिनी केंद्र’ का लोकार्पण समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर महापौर ने अपने विचार व्यक्त किए और साथ ही वन मंत्री गणेश नाईक के जन्मदिन पर आयोजित विभिन्न जनोपयोगी सामाजिक कार्यक्रमों की सराहना की।
जहां इस समारोह में आरोग्य समिति सभापति डॉ. जयाजी नाथ, समाज कल्याण समिति सभापति रंजना सोनवणे, पूर्व महापौर व नगरसेवक सुधाकर सोनवणे, वैद्यकीय आरोग्य अधिकारी डॉ. राजेश म्हात्रे, चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन चिटणीस, सहायक आयुक्त संजय तडवी, कार्यकारी अभियंता यशवंत कापसे सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
➤ 15वें वित्त आयोग से 59 आरोग्यवर्धिनी केंद्रों की मंजूरी:
केंद्र सरकार के 15वें वित्त आयोग के तहत नवी मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में 59 शहरी आरोग्यवर्धिनी केंद्र मंजूर किए गए हैं। ये केंद्र सुबह 11:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक खुले रहेंगे, जिससे काम से लौटने वाले नागरिकों को शाम के समय भी स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। पूर्व महापौर सुधाकर सोनवणे ने कहा कि घर के पास और सुविधाजनक समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिलना स्थानीय लोगों के लिए एक बड़ी राहत है।
➤ केंद्र पर उपलब्ध होने वाली प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएं:
▪︎ डॉक्टर व स्टाफ: हर केंद्र पर प्रशिक्षित डॉक्टर, नर्स और बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता तैनात रहेंगे।
▪︎ उपचार व जांच: गैर-संचारी रोगों की जांच, रोकथाम और नियंत्रण।
▪︎ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य: गर्भावस्था व प्रसव देखभाल, नवजात शिशु तथा बच्चों और किशोरों की स्वास्थ्य देखभाल।
▪︎ अन्य सेवाएं: बुनियादी मौखिक स्वास्थ्य सेवाएं, संक्रामक रोगों से बचाव की जानकारी, व्यक्तिगत स्वच्छता और पोषण जागरूकता।
इस मौके पर राज्य के वनमंत्री गणेश नाईक के जन्मदिन के मौके पर महापौर और उपस्थित मान्यवरों द्वारा परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संवर्धन के संकल्प के साथ मंत्री गणेश नाईक को शुभकामनाये दी गयी। पूर्व महापौर सुधाकर सोनवणे द्वारा विकसित किए गए घने वृक्षारोपण क्षेत्र के बीच स्थित इस केंद्र के बारे में महापौर सुजाता पाटिल ने कहा कि हरियाली के बीच स्थित यह आरोग्यवर्धनी केंद्र नागरिको को बड़ी दिलासा देने में सफल होगा।

