महाराष्ट्र भूमि | नवी मुंबई:
टीवी सीरियल, फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग के लिए नवी मुंबई क्षेत्र से प्रतिदिन बड़ी संख्या में कलाकार और तकनीशियन गोरेगांव फिल्मसिटी तथा मढ़, मालाड स्थित शूटिंग स्थलों पर जाते हैं। वर्तमान में इन कलाकारों को नवी मुंबई से ठाणे, ठाणे से दादर और दादर से गोरेगांव/मालाड तक लोकल ट्रेन सफर करना पड़ता है, जिसके बाद ऑटो या बस से सेट तक पहुंचना पड़ता है। इससे उनका काफी समय, पैसा और शारीरिक ऊर्जा खर्च होती है।
इस गंभीर समस्या को देखते हुए नवी मुंबई से गोरेगांव फिल्मसिटी तथा नवी मुंबई से मढ़ जेट्टी (मालाड) के मार्गों पर एनएमएमटी बस सेवा शुरू करने की मांग की गई है। अभिनेता एवं भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ (नवी मुंबई) के प्रभारी सुनील पगार ने महाराष्ट्र सरकार के वन मंत्री गणेश नाईक से मुलाकात कर ‘जनता दरबार’ में एक ज्ञापन सौंपकर यह मांग रखी।
➤ रात के समय सुरक्षा और महंगे सफर से मिलेगी राहत:
अक्सर शूटिंग का काम तड़के सुबह से देर रात तक चलता है। रात में शूटिंग खत्म होने के बाद फिल्मसिटी या मढ़ क्षेत्र से समय पर बस न मिलने के कारण महंगे ऑटो और कैब का सहारा लेना पड़ता है। लोकल ट्रेन छूट जाने की स्थिति में महिला कलाकारों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़ा होता है।
ऐसे में इस बस सेवा के शुरू होने से न केवल नवी मुंबई, बल्कि पनवेल, ठाणे, मुलुंड, भांडुप, कांजूरमार्ग, विक्रोली, घाटकोपर और पवई क्षेत्र के कलाकारों व आम नागरिकों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
सुनील पगार (अभिनेता / प्रभारी, भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ, नवी मुंबई):
“रात 9 या 10 बजे शूटिंग खत्म होने के बाद फिल्मसिटी या मढ़ से घर लौटना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है, जिससे महिला कलाकारों की सुरक्षा का मुद्दा भी बनता है। कई बार ट्रेन छूटने पर कलाकारों को पैसे न होने के कारण स्टेशनों पर रात बितानी पड़ती है। एनएमएमटी बस सेवा शुरू होने से कलाकारों, तकनीशियनों और आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।”
चंद्रकांत मोकल (अभिनेता – ऐरोली, नवी मुंबई):
“नवी मुंबई से फिल्मसिटी और मढ़ जेट्टी के लिए NMMT बस सेवा हम कलाकारों के लिए बहुत फायदेमंद साबित होगी। “
उर्मिला डांगे (अभिनेत्री – नेरुल, नवी मुंबई):
“महिला कलाकारों की यात्रा और सुरक्षा के मद्देनजर नवी मुंबई महानगरपालिका के परिवहन विभाग को इस मांग पर त्वरित और सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।”

