महाराष्ट्र भूमि | नवी मुंबई
नवी मुंबई मनपा मुख्यालय स्थित महापौर कार्यालय में ‘श्रमिक सेना यूनियन’ के एक प्रतिनिधिमंडल ने महापौर सुजाता सूरज पाटिल से मुलाकात कर शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत बालवाड़ी (आंगनवाड़ी/प्री-प्राइमरी) शिक्षिकाओं और सहायिकाओं की वेतन वृद्धि के संबंध में एक विस्तृत ज्ञापन सुपूर्द किया। ज्ञापन सौंपते हुए प्रतिनिधिमंडल ने महापौर के समक्ष बालवाड़ी महिला कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों को प्रमुखता से रखा।
प्रतिनिधिमंडल ने ध्यान आकर्षित किया कि बालवाड़ियों में छोटे बच्चों की बढ़ती नामांकन संख्या और समय के साथ बढ़े काम के स्वरूप को देखते हुए इन महिला कर्मचारियों पर जिम्मेदारी काफी बढ़ गई है। प्रतिनिधिमंडल ने आग्रह किया कि इन शिक्षिकाओं और सहायिकाओं द्वारा दी जा रही निरंतर व निष्ठावान सेवाओं का सहानुभूतिपूर्वक संज्ञान लेते हुए उनके मानदेय में तुरंत सम्मानजनक बढ़ोतरी की जाए।
इस अवसर पर श्रमिक सेना यूनियन के महासचिव श्री चरण जाधव, नवी मुंबई मनपा यूनिट के श्रमिक सेना अध्यक्ष राजू सिंह चव्हाण, सचिव रूपाली कुमावत सहित बड़ी संख्या में बालवाड़ी महिला कर्मचारी और यूनियन के सदस्य उपस्थित थे।
महापौर सुजाता पाटिल ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए प्रतिनिधिमंडल को इस विषय पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

