महाराष्ट्र भूमि | नवी मुंबई
नवी मुंबई महानगरपालिका परिवहन समिति के सभापति विकास झंजाड की अध्यक्षता में आयोजित परिवहन समिति की बैठक में परिवहन कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है । नवी मुंबई परिवहन उपक्रम में ठेका मानधन पर कार्यरत तथा स्थायी कर्मचारियों को नवी मुंबई महानगरपालिका की तर्ज पर समान रूप से 45 हजार रुपये का सानुग्रह अनुदान मंजूर किया गया है
पिछले सात महीनों से परिवहन सभापति विकास झंजाड के सक्रिय भूमिका से परिवहन उपक्रम के कामकाज को गति देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि परिवहन उपक्रम की दैनिक आय 27 लाख रुपये से बढ़कर 40 लाख रुपये तक पहुंच गई है।
उन्होंने बताया कि आय में हुई इस वृद्धि से उपक्रम के घाटे में भी कमी आई है। इस अवसर पर सभापति विकास झंजाड ने कहा कि एमएमआर क्षेत्र की परिवहन समितियों में नवी मुंबई परिवहन समिति अग्रणी स्थान पर है।
कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना, यात्रियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना तथा परिवहन उपक्रम की आर्थिक स्थिति को और मजबूत बनाना समिति की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से समिति के माध्यम से विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं।

