- ‘वन टाइम प्लानिंग’ के तहत ११ परियोजनाओं का वित्तीय नियोजन; पोशीर बांध के लिए १५ वर्षों की पुनर्भुगतान अवधि
■ महाराष्ट्र भूमि | नवी मुंबई
नवी मुंबई शहर के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने के लिए नवी मुंबई मनपा ने अपनी कमर कस ली है। मनपा ने १४ हजार ०५५ करोड़ ५६ लाख रुपये की परियोजनाओं का एकत्रित वित्तीय नियोजन तैयार किया है। इस प्रस्ताव के अनुसार ‘वन टाइम प्लानिंग’ के तहत फ्लाईओवर, खाड़ी पुल, नालों का एकात्मिक विकास, पोशीर बांध व जलवाहिनी, सौर ऊर्जा, बस डिपो, सीवेज वॉटर का पुनरुपयोग और सीसीटीवी जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं को शामिल किया गया है। इस संबंध में सभागृह नेता सागर नाईक ने २ नवंबर को होने वाली नवी मुंबई मनपा महासभा बैठक के समक्ष औपचारिक प्रस्ताव प्रस्तुत करने वाले है।
नवी मुंबई मनपा चुनाव के पूर्व सागर नाईक ने प्रशासक काल में नवी मुंबई के “विकास को लगाए ब्रेक” का जिक्र करते हुए कहा था की आने वाले ५ सालों में विकास, नवी मुंबई के ५० वर्षो की दिशा तय करेंगे। उसी के मद्देनजर एकसूत्र नियोजित विकास को प्राथमिकता देते हुए यह प्रस्ताव लाया जा रहा है। जहां विकास परियोजनाओं के लिए बॉन्ड, संस्थागत ऋण, ग्रीन बॉन्ड, इंफ्रास्ट्रक्चर बॉन्ड और निजी भागीदारी (PPP) के माध्यम से धन जुटाने के विकल्पों पर विचार किया जा रहा है।
इतना ही नहीं भविष्य की जलापूर्ति को ध्यान में रखते हुए पोशीर बांध परियोजना के लिए २ हजार ७८३ करोड़ रुपये और डैम से पानी लाने वाली पाईपलाईन के लिए ३ हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इन दोनों परियोजनाओं की कुल लागत ५ हजार ७८३ करोड़ रुपये है, जिसकी अदायगी के लिए अधिकतम १५ वर्ष की अवधि प्रस्तावित है। वहीं, अन्य परियोजनाओं के लिए पुनर्भुगतान की अवधि १० वर्ष होगी।
➤ मनपा के खजाने पर कितना रहेगा वित्तीय भार?
हाइब्रिड एन्युटी मॉडल (HAM) के अनुसार परियोजना की पूंजीगत लागत का ३० प्रतिशत हिस्सा मनपा और ७० प्रतिशत हिस्सा निजी भागीदार द्वारा वहन किया जाएगा। अन्य वित्तीय संरचनाओं में मनपा का प्रारंभिक स्व-निधि हिस्सा अधिकतम ३० प्रतिशत तक रखने या आवश्यकतानुसार उसे कम करने का विकल्प है। प्रस्ताव के अनुसार नवी मुंबई मनपा के प्रारंभिक हिस्से की अधिकतम राशि ४,२१६.६६८ करोड़ रुपये आंकी गई है, जबकि कुल परियोजना लागत १४ हजार ०५५ करोड़ ५६ लाख रुपये है।
➤ फ्लाईओवर, खाड़ी पुल और सड़कों के लिए विशेष प्रावधान
☛ ठाणे-बेलापुर मार्ग पर फ्लाईओवर तथा पालिका मुख्यालय परिसर में जंक्शन सुधार कार्यों के लिए १ हजार करोड़ रुपये प्रस्तावित ।
☛ पाम बीच मार्ग के विभिन्न जंक्शनों पर पुलों के निर्माण हेतु १ हजार करोड़, वाशी-घणसोली कनेक्टिंग ब्रिज के लिए ६०० करोड़ तथा कोपरी-पाम बीच कनेक्टिविटी के लिए ४०० करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
☛ नालों के एकीकृत विकास और जलाशयों के पुनरुद्धार के लिए २ हजार ०१० करोड़ ५६ लाख रुपये प्रस्तावित किए गए हैं।
➤ सौर ऊर्जा, आधुनिक बस डिपो और जल पुनर्चक्रण
पर्यावरण-अनुकूल विकास को बढ़ावा देने के लिए सौर ऊर्जा परियोजना हेतु ४०० करोड़, एनएमएमटी बस डिपो के आधुनिकीकरण के लिए १ हजार करोड़ और रिसायकिल वाटर के पुनरुपयोग के लिए ५६२ करोड़ रुपये का नियोजन किया गया है। सौर ऊर्जा से बिजली खर्च में बचत के साथ-साथ अधिशेष बिजली बेचकर राजस्व हासिल किया जा सकेगा।
इसके अलावा, बस डिपो के व्यावसायिक इस्तेमाल से लाइसेंस फीस/किराया और प्रसंस्कृत पानी बेचकर मनपा की आय बढ़ाने की योजना है। साथ ही शहर में १२ हजार नए सीसीटीवी कैमरे लगाने और स्मार्ट पार्किंग व्यवस्था विकसित करने के लिए १ हजार १०० करोड़ रुपये का प्रस्ताव है।
➤ ब्याज दर को लेकर शासन की मंजूरी का इंतजार
फंड जुटाने के लिए विभिन्न विकल्पों के साथ अधिकतम १२ प्रतिशत तक की ब्याज दर का प्रस्ताव रखा गया है। परियोजनाओं के लिए हाइब्रिड एन्युटी मॉडल के तहत ३०:७० के अनुपात में वित्त पोषण का विकल्प चुना गया है।

