महाराष्ट्र भूमि | नवी मुंबई:
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल महामहिम कविंदर गुप्ता ने कोली महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रमेश दादा पाटिल के नवी मुंबई निवास स्थान पर भेंट दी। इस दौरान उन्होंने रमेश दादा पाटिल को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके सुख-समृद्धि व दीर्घायु जीवन की कामना की। इस अवसर पर राज्यपाल ने पाटिल परिवार द्वारा स्थापित भगवान श्री गणेश के भावपूर्ण दर्शन किए और परिवार के सदस्यों के साथ आत्मीय संवाद भी किया।
राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने रमेश दादा पाटिल के सामाजिक और राजनीतिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि, “निचले तबके के लोगों और कोली समाज के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करने वाले रमेश दादा पाटिल एक जन कल्याणकारी नेता हैं। उन्होंने हमेशा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी है।”
इस खास मौके पर भाजपा महाराष्ट्र मछुआरा प्रकोष्ठ के प्रभारी चेतन पाटिल, पूर्व नगरसेवक तानाजी पाटिल, युवा नेता विशाल पाटिल सहित कोली महासंघ के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

