महाराष्ट्र भूमि | नवी मुंबई:
नवी मुंबई के ऐरोली से बेलापूर के बीच स्थित १० प्रमुख रेलवे स्टेशनों की दुर्दशा और यात्रियों को होने वाली असुविधाओं का संज्ञान लेते हुए ठाणे लोकसभा क्षेत्र के सांसद नरेश म्हस्के ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर स्टेशनों पर व्याप्त अव्यवस्थाओं की ओर उनका ध्यान आकर्षित किया। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए रेल मंत्री ने मध्य रेलवे प्रशासन को सभी लंबित विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं को तत्काल दुरुस्त करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।
➤ १० प्रमुख स्टेशनों की समस्याओं का ब्योरा
सांसद नरेश म्हस्के ने रेल मंत्री के समक्ष ऐरोली, रबाले, घणसोली, कोपरखैरने, तुर्भे, सानपाड़ा, जुईनगर, नेरुल, सीवुड्स-दरावे और बेलापूर स्टेशनों की जमीनी हकीकत सामने रखी।
- ऐरोली एवं रबाले: कई टिकट खिड़कियां बंद हैं और शौचालयों की हालत जर्जर है। फर्श और सीढ़ियां टूटी हुई हैं।
- घणसोली एवं कोपरखैरणे: भारी भीड़ के बावजूद टिकट काउंटर परिसर में धूल और गंदगी का साम्राज्य है।
- तुर्भे एवं सानपाड़ा: शौचालयों की बदहाली, रोशनी की कमी और स्वच्छ पेयजल का अभाव।
- जुईनगर एवं नेरुल: फुटओवर ब्रिज जर्जर स्थिति में हैं तथा टिकट खिड़कियां बंद रहने से यात्रियों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता है।
- सीवुड्स-दरावे एवं बेलापूर: सफाई व्यवस्था की कमी और बुनियादी सुविधाओं की बदहाली।
➤ रेल मंत्री से की गई मुख्य मांगें
इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार: टूटी सीढ़ियों, फुटओवर ब्रिज और प्लेटफार्म बेंचों की तत्काल मरम्मत।
- सुविधाएं: पर्याप्त पानी की आपूर्ति, बंद पड़ी टिकट खिड़कियों को शुरू करना और एलईडी (LED) लाइटों के जरिए रोशनी की बेहतर व्यवस्था।
- सुरक्षा एवं सौंदर्य: प्रवेश द्वारों का सौंदर्यीकरण तथा रात के समय रेलवे पुलिस और आरपीएफ की गश्त बढ़ाना।
रेल मंत्री द्वारा मध्य रेलवे अधिकारियों को दिए गए निर्देशों के बाद अब ऐरोली से बेलापूर के बीच दैनिक यात्रा करने वाले लाखों रेल यात्रियों को जल्द ही बेहतर और अत्याधुनिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई जा है।

