- पेरिस में होने वाले ‘ई-स्पोर्ट्स वर्ल्ड कप 2026’ के लिए भारत के दरवाजे खुले; ‘इंडिया रायझिंग’ और ‘जिओ ब्लास्ट’ की बड़ी पहल।
- मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा—”गेमिंग अब सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि रोजगार और डिजिटल अर्थव्यवस्था का मजबूत स्तंभ है।”
पेरिस में आयोजित होने जा रहे गेमिंग जगत के ऑलिम्पिक यानी ‘ई-स्पोर्ट्स वर्ल्ड कप 2026’ (E-Sports World Cup 2026) के लिए भारत का रास्ता साफ हो गया है। ‘इंडिया रायझिंग’ और ‘जिओ ब्लास्ट’ के माध्यम से देश और महाराष्ट्र के युवाओं को वैश्विक मंच मिलने जा रहा है। मुंबई के बीकेसी स्थित जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘इंडिया रायझिंग : रोड टू ई-स्पोर्ट्स वर्ल्ड कप २०२६’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसे भारत की डिजिटल क्रिएटिव इकोनॉमी का एक ऐतिहासिक मोड़ बताया।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि फिल्मों के बाद अब एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (AVGC-XR) के क्षेत्र में महाराष्ट्र पूरे देश का नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
➤ 40 हजार करोड़ का गेमिंग उद्योग: फिल्मों से भी बड़ी कमाई
गेमिंग सेक्टर की ताकत को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि वैश्विक स्तर पर गेमिंग उद्योग का सालाना रेवेन्यू (कमाई) अब फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री की कुल सम्मिलित कमाई से भी ज्यादा हो चुका है।
“भारत में 50 करोड़ से अधिक एक्टिव गेमर्स हैं और घरेलू गेमिंग इंडस्ट्री का दायरा ₹40,000 करोड़ तक पहुंच चुका है। परवड़ेबल डेटा, हाई-स्पीड इंटरनेट और यूपीआई (UPI) ट्रांजैक्शन की वजह से भारत में यह सेक्टर बहुत तेजी से बढ़ रहा है।”
➤ महाराष्ट्र सरकार की मेगा योजनाएं: 12 AVGC पार्क और कंटेंट क्रिएटर संकुल
महाराष्ट्र देश का पहला ऐसा राज्य है जिसने व्यापक AVGC-XR पॉलिसी की घोषणा की है। इस नीति के तहत राज्य सरकार ने कई बड़े कदम उठाए हैं:
• ₹3,268 करोड़ का बजट: इस सेक्टर के लिए विशेष बजट आवंटित किया गया है, जिसका लक्ष्य ₹50,000 करोड़ का निवेश आकर्षित करना और 2 लाख नए रोजगार पैदा करना है।
• 50 एकड़ का क्रिएटर संकुल: नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (Navi Mumbai International Airport) क्षेत्र में 50 एकड़ भूमि पर एक विश्व स्तरीय ‘कंटेंट क्रिएटर्स संकुल’ स्थापित किया जाएगा।
• 12 AVGC पार्क: राज्य भर के प्रमुख शहरों—मुंबई, नवी मुंबई, पुणे, नागपुर, नाशिन और छत्रपती संभाजीनगर में अत्याधुनिक वर्चुअल प्रोडक्शन और एआई (AI) आधारित रेंडरिंग सुविधाएं शुरू की जाएंगी।
• इंडियन इन्स्टिट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मुंबई में इस विशेष संस्थान की स्थापना की जा रही है, जो इस क्षेत्र के लिए ग्लोबल टैलेंट तैयार करेगा।
➤ 60 करोड़ यूजर्स तक पहुंचेगा ‘इंडिया रायझिंग’ अभियान
इस ई-स्पोर्ट्स अभियान के तहत देश के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के गेमर्स को समान अवसर मिलेगा। इस पूरे इनिशिएटिव में लगभग 50 हजार प्रतिस्पर्धी, 5 हजार प्रत्यक्ष दर्शक और 8 करोड़ से अधिक डिजिटल दर्शकों के जुड़ने की उम्मीद है। जियो (Jio) के 60 करोड़ से ज्यादा यूजर्स तक इस अभियान की पहुंच होगी, जिससे यह भारत के इतिहास का सबसे बड़ा ई-स्पोर्ट्स कैंपेन बनने जा रहा है।

