महाराष्ट्र भूमि | (मोनिका भोसले, नवी मुंबई)
नवी मुंबई महानगरपालिका परिवहन उपक्रम के बेड़े में ५१ नई पर्यावरण-अनुकूल सीएनजी बसें शामिल हो गई हैं। घणसोली डिपो में आयोजित एक विशेष समारोह में वन मंत्री तथा पालघर जिले के पालकमंत्री गणेश नाईक द्वारा इन बसों का लोकार्पण संपन्न हुआ। एनएमएमटी के बेड़े में कुल १५० नई बसें शामिल की जानी हैं, जिसके पहले चरण में ये ५१ बसें सेवा में आ चुकी हैं। शेष बसें अगले एक महीने के भीतर एनएमएमटी (NMMT) बेड़े में शामिल हो जाएंगी।
इस लोकार्पण समारोह में महापौर सुजाता पाटिल, उपमहापौर दशरथ भगत, स्थायी समिति अध्यक्ष अशोक पाटिल, परिवहन समिति अध्यक्ष विकास झंजाड, आरोग्य समिति सभापति डॉ. जयाजी नाथ, परिवहन प्रबंधक उमाकांत जंगले सहित परिवहन समिति के सदस्य, महानगरपालिका के नगरसेवक-नगरसेविकाएं और परिवहन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
लोकार्पण समारोह संपन्न होने के बाद वन मंत्री गणेश नाईक सहित उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने नई सीएनजी बस में बैठकर, टिकट निकालकर – बस से सफर का अनुभव लिया और आधिकारिक रूप से इस सीएनजी बस का शुभारंभ किया। बता दे कि इन नई बसों के आने के बाद शहर के प्रमुख मार्गों पर फेरों (trips) की संख्या बढ़ेगी और यात्रियों का प्रतीक्षा समय काफी कम हो जाएगा। साथ ही, इन पर्यावरण-अनुकूल बसों से शहर में प्रदूषण मुक्त सार्वजनिक परिवहन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। साथ ही भविष्य में पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को और गति देने के लिए इलेक्ट्रिक बसों को शामिल करने पर इस दौरान विशेष जोर दिया जाएगा।
इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए परिवहन समिति के सभापति विकास झंजाड ने पिछले चार महीनों में परिवहन समिति के माध्यम से लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की समीक्षा की। साथ ही, उन्होंने एनएमएमटी उपक्रम को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने और राजस्व के नए स्रोत उत्पन्न करने के लिए तैयार किए गए विस्तृत ‘एक्शन प्लान’ की जानकारी भी दी। इस दौरान मंत्री गणेश नाईक के हाथों परिवहन समिति सभापति विकास झंजाड सहित सभी समिति सदस्यों और परिवहन अधिकारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
उद्घाटन के अवसर पर बोलते हुए गणेश नाईक ने कहा, “नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, विश्वसनीय और सस्ती परिवहन सेवा उपलब्ध कराना महानगरपालिका की मुख्य प्राथमिकता है। इसके लिए बस डिपो के व्यावसायिक उपयोग के जरिए परिवहन व्यवस्था को सक्षम बनाने के लिए विभिन्न परियोजनाएं लाई जाएंगी। वाशी बस डिपो की तर्ज पर अन्य डिपो में उपलब्ध जगह का व्यावसायिक उपयोग करके वहां व्यापारिक परिसर, होटल और अन्य नागरिक सुविधाएं विकसित करने का मनपा का विचार है।”
उन्होंने आगे कहा, “इस माध्यम से मिलने वाले राजस्व का उपयोग परिवहन सेवा को और अधिक हाई-टेक बनाने तथा यात्रियों को किफायती दरों पर सेवा देने के लिए किया जाएगा। साथ ही, एनएमएमटी के आय और व्यय की व्यापक समीक्षा कर जल्द ही आवश्यक सुधार किए जाएंगे।”
इस अवसर पर परिवहन समिति सभापति विकास झंजाड ने मीडिया से संवाद साधते हुए बताया कि NMMT बेड़े में नई सीएनजी बसें शामिल होने से यात्रियों को कितना लाभ होगा। वही महानगरपालिका का प्रशासनिक कार्यकाल समाप्त होने और परिवहन समिति के अस्तित्व में आने के बाद, अध्यक्ष पद की कमान संभालते ही प्रशासन को गति देते हुए किस प्रकार ‘धमाकेदार’ निर्णय लिए गए, इस पर उन्होंने विशेष बल दिया।

