- एसिड अटैक सर्वाइवर्स को सम्मानित कर दिया अदम्य साहस का संदेश
महाराष्ट्र भूमि | नवी मुंबई
समाज में महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उनके उल्लेखनीय योगदान को पहचान देने के उद्देश्य से, वाशी स्थित विष्णुदास भावे नाट्यगृह में ‘सशक्त नारी अवॉर्ड सीजन-३’ का भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। ‘मैजिकल मॉम्स ऑफ इंडिया’ संस्था की संस्थापिका सायमा किरमानी के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों की गणमान्य हस्तियां, सामाजिक कार्यकर्ता, महिला उद्यमी और प्रबुद्ध नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सायमा किरमानी एवं मुख्य अतिथियों के हाथों समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभावान महिलाओं को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
➤ एसिड अटैक सर्वाइवर्स का सम्मान बना कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण
इस समारोह का सबसे खास और भावुक पल वह रहा, जब मंच पर एसिड अटैक की जांबाज सर्वाइवर्स को सम्मानित किया गया। समाज की रूढ़ियों और गंभीर शारीरिक-मानसिक पीड़ा को मात देकर नए हौसले के साथ जीवन जीने वाली इन महिलाओं को सम्मानित होते देख पूरा सभागार भावुक हो उठा।

➤ “सशक्त नारी ही समाज की असली शक्ति”
“सशक्त नारी का वास्तविक अर्थ शक्तिशाली और आत्मनिर्भर नारी है। हर विपरीत परिस्थिति में अपनी काबिलियत साबित कर समाज को नई दिशा देने में इन महिलाओं का योगदान अद्वितीय रहा है।
➤ हमारा उद्देश्य जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को तराशना: सायमा किरमानी
‘मैजिकल मॉम्स ऑफ इंडिया’ की फाउंडर सायमा किरमानी ने संस्था का उद्देश्य स्पष्ट करते हुए कहा कि;
“हमारा मुख्य लक्ष्य समाज की उन प्रतिभावान महिलाओं को खोजना और सम्मानित करना है, जो चुपचाप जमीनी स्तर पर सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। जब हम ऐसी महिलाओं के योगदान को सराहते हैं, तो इससे समाज की अन्य बेटियों और महिलाओं को भी आगे बढ़ने का हौसला मिलता है।”

