इको-फ्रेंडली गणेशोत्सव मनाने वाले गणेश भक्तों को दिया गया प्रशस्ति पत्र प्रदान
महाराष्ट्र भूमि | नवी मुंबई:
‘पर्यावरण अनुकूल और प्लास्टिक मुक्त श्री गणेशोत्सव 2026’ के आह्वान को नवी मुंबई वासियों का अभूतपूर्व समर्थन मिला है। नवी मुंबई मनपा द्वारा की गई सुव्यवस्थित व्यवस्था के बीच डेढ़ दिन की 10,169 श्री गणेश मूर्तियों को भक्तिमय माहौल में भावभीनी विदाई दी गई।
महापौर सुजाता पाटिल और नवी मुंबई मनपा आयुक्त डॉ. कैलाश शिंदे के मार्गदर्शन में मनपा क्षेत्र के 22 प्राकृतिक, 156 कृत्रिम और 14 गांवों के 11 विसर्जन स्थलों—कुल मिलाकर 189 विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा और स्वच्छता के कड़े इंतजाम किए गए थे।
- पर्यावरणप्रेमी नागरिकों का प्रशस्ति पत्र से सम्मान:
माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए 6 फीट से कम ऊंचाई की मूर्तियों को कृत्रिम तालाबों में विसर्जित करने के लिए प्रेरित किया गया था। शाडू मिट्टी की मूर्ति स्थापित कर पर्यावरण की रक्षा करने वाले नागरिकों को विसर्जन स्थलों पर मनपा की ओर से आकर्षक कपड़े के थैले और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
निर्माल्य प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था:
‘सुपर स्वच्छ लीग’ में शामिल नवी मुंबई में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया। गीले और सूखे निर्माल्या (पूजा सामग्री) के लिए अलग-अलग कलश रखे गए थे, जिन्हें विशेष वाहनों द्वारा तुर्भे स्थित प्रोसेसिंग प्लांट में भेजा गया। इसके अलावा, प्राकृतिक स्थलों पर नाव, साउंड सिस्टम, लाइफगार्ड्स, मेडिकल टीमें और जनरेटर की सुचारू व्यवस्था रही।
महापौर सुजाता पाटिल और आयुक्त डॉ. कैलाश शिंदे ने इस सफल आयोजन के लिए नागरिकों और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।

