Latest News

August 15, 2026
Follow Us:

Latest News

August 15, 2026
Follow Us:

‘महाराष्ट्र भूमि’ एक विश्वसनीय हिंदी/अंग्रेजी समाचार पत्र है। हमारा मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना देना ही नहीं, बल्कि समाज को सशक्त बनाना भी है। इसीलिए, हम ‘सकारात्मक पत्रकारिता’ के सिद्धांत पर चलते हैं—ऐसी खबरें जो समाज को जागरूक करें, सशक्त बनाएं और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान दें।

Quick Contact:

महाराष्ट्र भूमिताजा खबर50 लाख किसानों को ‘सामूहिक खेती’ से जोड़ने का संकल्प : मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस
50 लाख किसानों को 'सामूहिक खेती' से जोड़ने का संकल्प : मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

50 लाख किसानों को ‘सामूहिक खेती’ से जोड़ने का संकल्प : मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

महाराष्ट्र भूमि | मुंबई

महाराष्ट्र में कृषि क्षेत्र के कायाकल्प और किसानों की आर्थिक उन्नति के लिए राज्य सरकार ने एक ऐतिहासिक लक्ष्य तय किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विश्वास जताया है कि ‘सत्यमेव जयते फार्मर कप 2026’ के तहत बने 18 हजार किसान समूह (फार्मर ग्रुप्स) आने वाले समय में राज्य के 50 लाख किसानों को एक मंच पर लाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह उपक्रम महज एक प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि महाराष्ट्र के कृषि परिदृश्य को बदलने वाला एक व्यापक जन-आंदोलन है।

मुख्यमंत्री के आधिकारिक निवास स्थान ‘वर्षा’ बंगले पर ‘पानी फाउंडेशन’ के सहयोग से आयोजित ‘फार्मर कप 2026’ के भव्य शुभारंभ समारोह के दौरान यह बात कही। इस अवसर पर राज्य के कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे, राज्यमंत्री एड. आशीष जयस्वाल, पानी फाउंडेशन के संस्थापक व प्रसिद्ध अभिनेता आमिर खान सहित कृषि, ग्राम विकास और राजस्व विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। राज्यभर के लाखों किसान इस कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे जुड़े।

➤ तकनीक और कृषि का संगम: ‘स्मार्ट शेती ऐप’ और एआई का उपयोग
समारोह के दौरान किसानों की सहायता के लिए अत्याधुनिक ‘स्मार्ट शेती ऐप’ का विमोचन किया गया। मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस बात पर विशेष बल दिया कि महाराष्ट्र, खेती में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई ) का उपयोग करने वाला देश का पहला राज्य बन रहा है। प्रशासन अब ‘महाविस्तार ऐप’ और ‘फार्मर कप’ से प्राप्त डेटा को आपस में जोड़कर किसानों को और अधिक सटीक एवं प्रभावी मार्गदर्शन प्रदान करेगा।

➤ सामूहिक खेती से हुआ करोड़ों का फायदा
मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष के क्रांतिकारी आंकड़ों को साझा करते हुए सामूहिक खेती के लाभ बताते हुए कहा की फार्मर कप में शामिल किसान समूहों द्वारा सोयाबीन, कपास और मक्का के उत्पादन में औसतन 71 प्रतिशत की शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई। वही सामूहिक रूप से खाद, बीज और कृषि उपकरण खरीदने की वजह से किसानों के 1,584 करोड़ रुपये की बचत हुयी। इतना ही नहीं सामूहिक श्रम के कारण प्रति एकड़ लगभग 6 हजार रुपये की मजदूरी की बचत हुई।

➤ महिला किसानों के लिए आएगा विशेष विधेयक
महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य विधानमंडल में जल्द ही ‘महिला किसान विधेयक’ मंजूर किया जाएगा। इसके तहत जिन महिलाओं के नाम जमीन के आधिकारिक दस्तावेजों में दर्ज नहीं हैं, उन्हें भी सरकार की ओर से ‘आधिकारिक किसान’ के रूप में मान्यता और सभी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।

➤ कम बारिश की आशंका: ‘जलयुक्त शिवार’ को गति देने की अपील
इस वर्ष ‘अल नीनो’ के प्रभाव के कारण कम वर्षा होने की संभावना को देखते हुए मुख्यमंत्री और अभिनेता आमिर खान ने किसानों से जल संरक्षण के ढांचों की मरम्मत करने, तालाबों से गाद निकालने और पानी का भंडारण बढ़ाने की अपील की। आमिर खान ने अगले 15 दिनों के भीतर गांवों में पानी रोकने और पानी जीराने से जुड़े सभी अधूरे कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने का आग्रह किया।

➤ विकसित भारत के लिए किसानों का उन्नत होना जरूरी: आमिर खान
पानी फाउंडेशन के प्रणेता आमिर खान ने मुख्यमंत्री और उनकी टीम के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा, “यदि हमें ‘विकसित भारत’ के सपने को सच करना है, तो सबसे पहले देश के किसान को समृद्ध और सक्षम बनाना होगा।” उन्होंने इस अभियान को डिजिटल और प्रत्यक्ष संपर्क का एक बेहतरीन अनूठा संगम बताया।

➤ जमीनी स्तर के नायकों से सीधा संवाद
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों के महिला स्वयं सहायता समूहों और किसान संगठनों से सीधा संवाद किया। नासिक के ‘अन्नदाता किसान समूह’ ने बताया कि उन्होंने फार्मर कप की शुरुआत में ही सामूहिक नियोजन से 5 लाख रुपये की बचत कर ली है, वहीं पुणे के ‘नारीशक्ति महिला किसान समूह’ ने पानी के संकट पर मात देकर नई पीढ़ी को दोबारा खेती की ओर मोड़ने की अपनी कहानी साझा की।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Post