मुंबई/नागपुर: महाराष्ट्र को पूरी तरह से रेलवे फाटक मुक्त (Railway Gate-Free) बनाने और राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर की तस्वीर बदलने के लिए महायुति सरकार ने एक बड़ा संकल्प लिया है। नागपुर में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के कर-कमलों द्वारा महारेल (MahaRail), महाराष्ट्र सरकार और रेल मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में राज्य के विभिन्न हिस्सों में ९ बड़े प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण किया गया। इसमें ४ रोड ओवर ब्रिज (ROB), ४ अंडरपास (सबवे) और १ रोड अंडरब्रिज (RUB) शामिल हैं।
परियोजनाओं का विवरण :
अमरावती एवं बडनेरा रेलवे स्टेशन के बीच बडनेरा में रोड ओवर ब्रिज (ROB)
चंद्रपुर एवं तडाली रेलवे स्टेशन के बीच रोड ओवर ब्रिज (ROB)
ताकारी एवं किर्लोस्करवाड़ी रेलवे स्टेशन के बीच एलसी-112 पर रोड ओवर ब्रिज (ROB)
इतवारी एवं दिघोरी रेलवे स्टेशन के बीच एलसी-73 पर रोड ओवर ब्रिज (ROB)
भिलवडी एवं नांद्रे रेलवे स्टेशन के बीच एलसी-117 पर अंडरपास (सबवे)
खेरवाडी एवं ओढा रेलवे स्टेशन के बीच एलसी-95 पर अंडरपास (सबवे)
मसूर एवं शिरवडे रेलवे स्टेशन के बीच मसूर में अंडरपास (सबवे)
एनएच-44 पर गुमगांव एवं बुटीबोरी रेलवे स्टेशन के बीच डोंगरगांव में एलसी-116 पर अंडरपास (सबवे)
भांडेवाडी एवं इतवारी रेलवे स्टेशन के बीच एलसी-1126/1एन पर रोड अंडरब्रिज (RUB)
इस अवसर पर मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, राज्यमंत्री एड. आशिष जयस्वाल, विधायक कृष्णा खोपडे, विधायक चरणसिंह ठाकूर, नागपुर की महापौर निता ठाकरे, स्थायी समिति अध्यक्ष शिवानी दाणी-वखरे एवं अन्य मान्यवर उपस्थित थे।
अगले ३ वर्षों में बनेंगे १४५ नए फ्लाईओवर
इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य के विकास को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महारेल के माध्यम से राज्य के विकास को एक नई गति मिल रही है।

“महारेल ने राज्य में १४५ नए फ्लाईओवरों का एक विस्तृत प्लान (आराखडा) पेश किया है, जिसमें रेलवे फाटकों पर बनने वाले ६५ और अन्य ८० फ्लाईओवरों को शामिल किया गया है। राज्य सरकार इस प्लान को मंजूरी दे रही है और अगले ३ वर्षों के भीतर महारेल इन सभी १४५ फ्लाईओवरों का निर्माण कार्य पूरा कर लेगी।” — देवेंद्र फडणवीस, मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य में रेलवे से संबंधित अटके और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को तेजी से पूरा करने के लिए ही ‘महारेल’ की स्थापना की गई थी। इस कंपनी ने नई तकनीकों का इस्तेमाल करते हुए बेहद किफायती दरों पर कई कठिन और चुनौतीपूर्ण प्रोजेक्ट्स को समय पर पूरा करके दिखाया है, जिसमें मुंबई के भी कई अहम प्रोजेक्ट्स शामिल हैं।
नागपुर और विदर्भ का कायाकल्प, बढ़ेगा रोजगार
पिछले १० वर्षों में नागपुर शहर के विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज नागपुर की गिनती देश के सबसे आधुनिक शहरों में होती है। आने वाले समय में नागपुर, विदर्भ और पूरे महाराष्ट्र का कायाकल्प करने के लिए कई महत्वाकांक्षी परियोजनाएं हाथ में ली गई हैं। इन प्रोजेक्ट्स के पूरा होने से न सिर्फ राज्य के विकास को रफ्तार मिलेगी, बल्कि बहुत बड़े पैमाने पर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

