- पुणे और सोलापुर जिलों में चली विशेष ‘सेफ फूड’ मुहिम; 13.71 लाख रुपये का मिलावटी माल जब्त व नष्ट
महाराष्ट्र भूमि | पुणे
महाराष्ट्र में अन्न व औषधि प्रशासन के आयुक्त तुकाराम मुंढे के कड़े रुख के बाद विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ एक बड़ा अभियान छेड़ दिया है। राज्य सरकार की ‘सेफ फूड, सेफ ड्रग, सेफ महाराष्ट्र’ मुहिम के तहत पुणे संभाग में एफडीए की टीम ने विशेष छापेमारी कर, खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले डेयरी उद्योग और नामचीन होटलों पर कार्यवाई की गाज गिरी है। प्रशासन ने करीब १३.७१ लाख रुपये का मिलावटी और घटिया खाद्य सामग्री का स्टॉक जब्त कर नष्ट कर दिया है, साथ ही कई प्रतिष्ठानों के फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं।
➤ मिलावट के शक में 12,278 लीटर दूध बहाया
एफडीए के अधिकारियों ने २५ से २७ जून के बीच पुणे और सोलापुर जिलों में यह सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान निम्नलिखित प्रमुख संपत्तियों पर दंडात्मक कार्रवाई की गई:
➤ गगनगिरी मिल्क प्रोडक्ट्स (पुणे): शिरूर तहसील के ‘गगनगिरी मिल्क एंड मिल्क प्रोडक्ट्स’ पर छापा मारकर भारी मिलावट की आशंका के चलते १२ हजार २७८ लीटर दूध मौके पर ही नष्ट कर दिया गया और इस डेयरी का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
➤ उमिया मिल्क प्रोडक्ट्स (पुणे): आंबेगांव तहसील में स्थित इस डेयरी में अत्यंत अस्वच्छ वातावरण में उत्पादन होता पाया गया। यहाँ से १ हजार १५५ किलो एडिबल केसिनेट और कोयागुलम जब्त कर निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई है।
➤ रामदेव डेयरी (सोलापुर): सोलापुर की रामदेव डेयरी में बिना किसी वैध लाइसेंस के और बेहद अस्वच्छ जगह पर मिठाइयों का उत्पादन किया जा रहा था। टीम ने यहाँ से १ हजार ८०७ किलो मिलावटी मिठाइयों का स्टॉक जब्त कर उसे पूरी तरह नष्ट कर दिया।
➤ शेतकरी राजा दूध संकलन केंद्र (माळशिरस): यहाँ का ८० लीटर दूध बेहद घटिया और निकृष्ट दर्जे का पाए जाने पर उसे नष्ट कर केंद्र का लाइसेंस निलंबित किया गया।
➤ पुणे के नामी होटलों पर भी गिरी गाज
डेयरी के साथ-साथ एफडीए ने होटलों की भी जांच की। पुणे के ताथवड़े स्थित प्रसिद्ध होटल ‘गुड फूड रोल हाऊस तंदूरी हाऊस’ में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर कई गंभीर खामियां पाई गईं। नियमों की इस अनदेखी को देखते हुए प्रशासन ने इस होटल का फूड लाइसेंस भी तुरंत सस्पेंड कर दिया है।
➤ मुंबई के अंधेरी में चाय में केमिकल रंग की मिलावट, 900 किलो चायपत्ती जब्त
पुणे संभाग के अलावा मुंबई के अंधेरी इलाके में भी एफडीए की एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जहां से की चाय को अधिक गाढ़ा और आकर्षक दिखाने के लिए उसमें खतरनाक रासायनिक रंग मिलाने के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इस धागे में एफडीए ने ९०० किलो मिलावटी चायपत्ती और १७ किलो संदिग्ध प्रतिबंधित रंग सहित कुल २.१८ लाख रुपये का माल जब्त कर आरोपियों के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है।
➤ ग्राहकों से एफडीए की अपील:
एफडीए प्रशासन ने सभी खाद्य व्यवसायियों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि वे खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करें। इसके साथ ही ग्राहकों से अपील की गई है कि वे दूध, खोया या अन्य दुग्ध उत्पाद खरीदते समय पैकेट पर छपी न्यूट्रिशन वैल्यू, मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट और FSSAI (भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण) का लाइसेंस नंबर जरूर चेक करें।

