महाराष्ट्र भूमि | मुंबई:
मुंबई की परिवहन व्यवस्था को एक बड़ा बूस्टर मिलने जा रहा है। वर्ष 2027 तक मुंबईकरों की सेवा में मेट्रो जैसी आधुनिक उपनगरीय लोकल ट्रेनें आ जाएंगी। इस बात की घोषणा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने की। अवसर था भारत नगर रोड से वाकोला जंक्शन (सांताक्रुज-चेम्बूर लिंक रोड चरण-2) एलिवेटेड रोड और चेम्बूर मेट्रो स्टेशन के लोकार्पण का।
सह्याद्री अतिथि गृह से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (MMRDA) की विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का ई-लोकार्पण और शुभारंभ किया गया।
प्रमुख घोषणाएं और लोकार्पण
➤ 2027 तक 238 मेट्रो जैसी लोकल ट्रेनें
केंद्र सरकार ने उपनगरीय लोकल को मेट्रो की तर्ज पर बनाने की मंजूरी दे दी है। वंदे भारत ट्रेनें बनाने वाले कारखानों में इन आधुनिक लोकल ट्रेनों का निर्माण होगा, जो ऑटोमैटिक दरवाजों, एयर कंडीशनिंग और उन्नत सुविधाओं से लैस होंगी। वर्ष 2027 तक ऐसी 238 उपनगरीय लोकल ट्रेनें मुंबईकरों की सेवा में आ जाएंगी। मार्च 2030 तक सभी पुरानी लोकल ट्रेनों को मेट्रो जैसी आधुनिक ट्रेनों में बदल दिया जाएगा।
➤ देश की सबसे लंबी दोहरी भूमिगत सुरंग (ठाणे से बोरिवली)
ठाणे से बोरिवली दोहरे सुरंग मार्ग के लिए ‘टीबीएम अर्जुना’ का शुभारंभ किया गया।23 किलोमीटर की यह दूरी इस दोहरी सुरंग के बनने के बाद घटकर मात्र 11 किलोमीटर रह जाएगी। इसके बनने से ठाणे से बोरिवली की यात्रा का समय घटकर मात्र 12 से 15 मिनट रह जाएगा। बोरिवली की तरफ से भी जल्द ही दो टीबीएम मशीनें काम में लगाई जाएंगी।
➤ सांताक्रुज-चेम्बूर लिंक रोड (चरण-2) का उद्घाटन
भारत नगर रोड से वाकोला जंक्शन तक 1.40 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड का उद्घाटन किया गया। इसके शुरू होने से बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) और वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा। कलीना, वाकोला और कलानगर में लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी और यात्रा के समय में करीब 35 मिनट की बचत होगी।
➤ चेम्बूर मेट्रो स्टेशन
मेट्रो लाइन 2-बी (डीएन नगर से मंडाले) का चेम्बूर मेट्रो स्टेशन एक बहुविध परिवहन केंद्र के रूप में कार्य करेगा। यह स्टेशन चेम्बूर उपनगरीय रेलवे स्टेशन और मोनोरेल स्टेशन से सीधे जुड़ा होगा। 185 मीटर लंबे प्लेटफॉर्म वाले इस स्टेशन को ‘ग्रीन बिल्डिंग’ अवधारणा के तहत बनाया गया है, जहां लिफ्ट, एस्केलेटर और दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
➤ फ्लाईओवर का नामकरण
बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स के जी-ब्लॉक को ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे से जोड़ने वाले फ्लाईओवर का नाम राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री व स्वतंत्रता सेनानी बैरिस्टर बाबासाहेब अनंतराव भोसले के नाम पर रखा गया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुंबई में वर्तमान में 90 लाख यात्री उपनगरीय लोकल से यात्रा करते हैं, जबकि 70 लाख यात्रियों की क्षमता मेट्रो के माध्यम से विकसित की जा रही है। मुंबई महानगर में परिवहन को सुगम और गतिमान बनाने के लिए यह एक ऐतिहासिक कदम है।

