महाराष्ट्र भूमि | मोनिका भोसले / अर्चना त्रिपाठी
नवी मुंबई | देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर संपूर्ण राष्ट्र में प्रवाहित हो रही राष्ट्रभक्ति की बयार के बीच, नवी मुंबई में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत एक ऐतिहासिक और भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया गया। भारतीय जनता पार्टी नवी मुंबई द्वारा आयोजित और राज्य के वन मंत्री गणेश नाईक के कुशल मार्गदर्शन में निकाली गयी इस रैली ने पूरे शहर को देशभक्ति के दिव्य रंगों में सराबोर कर दिया।

➤ केसरिया, सफेद और हरे रंग में रंगा संपूर्ण मार्ग
यह विशाल तिरंगा यात्रा कोपरखैरणे स्थित ‘ब्लू डायमंड चौक’ से अत्यंत उत्साह और गर्जना के साथ प्रारंभ होकर वाशी स्थित पावन ‘छत्रपति शिवाजी महाराज चौक’ पर संपन्न हुई। हाथों में लहराता पावन तिरंगा, सीने में राष्ट्रप्रेम का अटूट गर्व और हवाओं में गूंजते ‘भारत माता की जय’ व ‘वंदे मातरम’ के गगनभेदी उद्घोष… इस दृश्य ने पूरे यात्रा मार्ग पर जन-जन के भीतर देशप्रेम और समर्पण की एक नई ज्वाला प्रज्वलित कर दी।
➤ “हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा” 🇮🇳
राष्ट्र की अस्मिता को समर्पित इस ऐतिहासिक यात्रा में जन-प्रतिनिधियों और आम नागरिकों का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। इस दौरान महापौर सुजाता पाटिल, पूर्व सांसद संजीव नाईक, ऐरोली के प्रथम विधायक संदीप नाईक, नवी मुंबई भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राजेश पाटिल और स्थायी समिति सभापति अशोक पाटिल उपस्थित रहे।
इन शीर्ष नेताओं के साथ-साथ भाजपा के समस्त पूर्व नगरसेवक, समर्पित पदाधिकारी, कर्मठ कार्यकर्ता, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा और विभिन्न विद्यालयों के देशभक्त छात्र-छात्राएं हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे विशाल संख्या में कदम से कदम मिलाकर चले।

➤ ‘विकसित भारत’ और अखंडता का महा-संकल्प
इस तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य केवल स्वतंत्रता का उत्सव मनाना ही नहीं, बल्कि ‘विकसित भारत’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना भी रहा। यात्रा के माध्यम से समाज में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भ्रातृत्व और अटूट देशभक्ति का अमर संदेश प्रसारित किया गया। इस दौरान नवी मुंबई की धरा राष्ट्रभक्ति के अद्वितीय आनंद में सराबोर नज़र आई।

