महाराष्ट्र भूमि | नवी मुंबई:
नवी मुंबई के महापे एमआयडीसी इलाके में चल रहे दूध में मिलावट के एक बड़े रैकेट का खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने भंडाफोड़ किया है। एफडीए महाराष्ट्र राज्य के आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देशानुसार ठाणे एफडीए की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर महापे स्थित ‘मेसर्स पी.के. डेयरी’ पर छापेमारी कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
छापेमारी के दौरान टैंकर (MH 04 KU 1634) से दूध में मिलावट का खेल उजागर हुआ। डेयरी मालिक प्रदीप कमलेश यादव की सहमति से आरोपी शिवेंद्र श्यामलाल जायसवाल दूध के पैकेट फाड़कर उसमें स्किम्ड मिल्क पाउडर (SMP) और नल का गंदा पानी मिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। 1 किलो मिल्क पाउडर में 8 से 10 लीटर पानी मिलाकर उसे ब्लेंडर से मिक्स किया जाता था। इस मिलावटी दूध को शुद्ध गाय-भैंस का दूध बताकर ठाणे, ऐरोली, कोपरी, दीवा और घणसोली की विभिन्न डेयरियों में सप्लाई किया जाता था।
सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर एफडीए ने कुल 4,710 लीटर मिलावटी व संदिग्ध दूध (कीमत ₹1,85,060/-) जब्त कर जनस्वास्थ्य के हित में तुरंत नष्ट कर दिया। इसके अलावा लाखों रुपये का अन्य सामान जब्त किया गया है। बता दे की इस दौरान पी.के. डेयरी से 761 लीटर दूध (कीमत ₹40,558/-) मौके पर ही नष्ट किया गया। ‘मेसर्स भास्कर डेयरी’ (महापे) से 548 किलो संदिग्ध पाउडर व पनीर (कीमत ₹1,85,320/-) जब्त कर उनका लाइसेंस निलंबित किया गया। ‘मेसर्स नारायण डेयरी’ (रबाले) से बिना लैब रिपोर्ट वाला 3,548 लीटर दूध (कीमत ₹1,24,012/-) नष्ट कराया गया।
वही 129.5 किलो पनीर (कीमत ₹45,280/-), 445 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर (कीमत ₹1,60,820/-) और 88.4 किलो क्रीम (कीमत ₹30,940/-) जब्त की गई।
फिलहाल इस मामले में तुर्भे पुलिस स्टेशन में FIR सं. 435/2026 दर्ज की गई है। संबंधित डेयरियों के खाद्य लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस मामले में शिवेंद्र जायसवाल, प्रदीप यादव, भास्कर पिल्लई समेत मेसर्स महाराज डेयरी (ऐरोली), मे. विजय डेयरी (घणसोली), मे. शिवकैलास डेयरी (ऐरोली), मे. रूपनगर डेयरी (ऐरोली), मे. दिनेश डेयरी (ऐरोली), मे. बालाजी डेयरी (ऐरोली), मे. शुक्ला डेयरी (दीवा), मे. श्रीराम डेयरी (कोपरी, ठाणे), मे. वासुदेव डेयरी (कोपरी), मे. राधाकृष्ण डेयरी (कोपरी), मे. जनम डेयरी (साकेत) और मे. देवनारायण डेयरी (ब्रह्मांड, ठाणे) सहित 15 व्यक्तियों व संस्थानों को नामजद किया गया है।
यह पूरी कार्रवाई कोंकण विभाग के सह-आयुक्त (खाद्य) अजीत मैत्रे, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विक्रम निकम, प्रशांत पवार, उत्तरेश्वर बडे, माणिक जाधव व एलआईयू टीम द्वारा सफलता पूर्वक पूरी की गई।

