देवी पार्वती, भगवान शिव और बाल गणेश के साथ सवारी करते दिखे चूहे
महाराष्ट्र भूमि | मुंबई:
मायानगरी मुंबई इस समय पूरी तरह गणेशोत्सव के भक्तिरंग में डूबी हुई है। शहर के प्रमुख गणेश मंडलों द्वारा तैयार किए गए भव्य और कलात्मक पंडाल श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। इसी बीच, मालाड (पूर्व) में ‘रेल्वे यात्रा’ की थीम पर आधारित एक अनोखा गणेशोत्सव देखावा तैयार किया गया है।
मालाड पूर्व स्थित डायमंड मार्केट के पास शिवकृपा मित्र मंडल ने इस अनोखी अवधारणा को साकार किया है। इस झांकी में बाल गणेश और उनका पूरा परिवार ट्रेन से यात्रा करता हुआ दिखाया गया है। माता पार्वती, भगवान शिव, नंदी और बाल गणेश के ट्रेन सफर को दिखाने के लिए भारतीय रेलवे के डिब्बे (कोच) की बिल्कुल सटीक और जीवंत प्रतिकृति तैयार की गई है।
ट्रेन के यात्री बने नटखट मूषक:
इस झांकी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें विभिन्न मूषकों को ट्रेन के आम यात्रियों के रूप में दिखाया गया है। कुछ चूहे बोर्ड गेम खेलते दिख रहे हैं, तो कुछ हेडफोन लगाकर भक्ति गीत सुनने में मग्न हैं। एक चूहा बाकायदा अखबार पढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है। सभी मूषक पारंपरिक और त्यौहारी कपड़ों (फेस्टिव लुक) में सजे-धजे हैं, जो ट्रेन की दैनिक यात्रा के माहौल को पूरी तरह जीवंत बना रहे हैं।

