- शहर में लागू 10% और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर 20% पानी की कटौती रहेगी बरकरार ।
- मनपा ने दी चेतावनी—शहर की बारिश का डैम के जलस्तर से सीधा संबंध नहीं, पानी का सोच-समझकर करें इस्तेमाल।
महाराष्ट्र भूमि | अर्चना त्रिपाठी (नवी मुंबई)
नवी मुंबई शहर में पिछले एक सप्ताह से मूसलाधार बारिश के बावजूद शहरवासियों की पानी की चिंता दूर नहीं हुई है। दरअसल, शहर को पानी की आपूर्ति करने वाले मुख्य स्रोत, ‘मोरबे डैम’ के जल भंडारण क्षेत्र में अब तक उम्मीद के मुताबिक बारिश नहीं हुई है, जिसके कारण बांध का उपयोगी और पीने योग्य जलसाठा घटकर मात्र 9.24 प्रतिशत के चिंताजनक स्तर पर आ गया है।
➤ शहर और मोरबे डैम क्षेत्र की बारिश में बड़ा अंतर
नवी मुंबई महानगरपालिका के मानसून नियंत्रण कक्ष के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 30 जून 2026 के बीच नवी मुंबई शहर में औसतन 316.46 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके विपरीत, इसी अवधि में मोरबे बांध के कैचमेंट एरिया में केवल 166 मिमी बारिश ही हुई है।
29 से 30 जून के बीच के 24 घंटों का उदाहरण देखें तो शहर में औसतन 46.63 मिमी बारिश हुयी, जबकि डैम क्षेत्र में यह आंकड़ा महज 22 मिमी था। यही कारण है कि शहर में भारी बारिश दिखने के बावजूद डैम के जलस्तर पर इसका कोई सकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ा है।
मनपा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर की बारिश और डैम के जलभंडारण का कोई सीधा संबंध नहीं होता। जब तक डैम के अपने स्वतंत्र पहाड़ी कैचमेंट एरिया में लगातार और व्यापक रूप से मूसलाधार बारिश नहीं होती, तब तक डैम का जलस्तर नहीं बढ़ता।
आंकड़ों के अनुसार, जून के आखिरी हफ्ते में बांध का पानी बड़ी तेजी से नीचे गिरा है. हाल में मोरबे धरण में इस्तेमाल के योग्य शुद्ध पानी का स्टॉक केवल 9.24% ही बचा है।
➤ पानी की कटौती रहेगी जारी, लापरवाही पर लगेगा जुर्माना
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महानगरपालिका ने पानी की सप्लाई का कड़ा नियोजन शुरू कर दिया है। शहर में पहले से लागू 10 प्रतिशत पानी की कटौती को आगे भी बरकरार रखा गया है। इसके अलावा, कमर्शियल प्रतिष्ठानों पर लागू 20 प्रतिशत की पानी कटौती की भी सख्ती से समीक्षा की जा रही है।
आयुक्त के निर्देशों के अनुसार, पीने के पानी की बर्बादी और अवैध उपयोग को रोकने के लिए शहर में विशेष टीमों द्वारा जांच अभियान चलाया जा रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।
➤ 31 अगस्त तक का नियोजन; नागरिकों से सहयोग की अपील
मनपा ने वर्तमान उपलब्ध जल भंडारण का प्रबंधन इस तरह किया है कि आगामी 31 अगस्त तक शहर को पानी की दिक्कत न हो। साथ ही अगले साल के मानसून को ध्यान में रखते हुए रीसायकल पानी के उपयोग और वैकल्पिक जल स्रोतों पर जोर दिया जा रहा है।
हालांकि, मनपा ने साफ किया है कि इन सभी योजनाओं की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि आने वाले दिनों में मोरबे डैम क्षेत्र में कितनी बारिश होती है। प्रशासन ने सभी नवी मुंबईकरों से पानी का बेहद सावधानी से पानी का उपयोग करने तथा पानी बचाने के इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है।

