नवी मुंबई: वाशी स्थित कोपरी गांव तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की दुखद मृत्यु का हृदयविदारक मामला सामने आया है। इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान गोलू मन्सूरी (10) और गणेश गुप्ता (12) के रूप में हुई है। घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
स्थानीय लोगों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे तालाब में उतरे थे। हालांकि, पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं लगा पाने के कारण वे डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन दल के जवान मौके पर पहुंचे। बचाव अभियान के दौरान दोनों बच्चों के शव बरामद किए गए।
- तालाब की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
कोपरी गांव के इस तालाब में बच्चों के तैरने और पानी में छलांग लगाने की समस्या पहले भी सामने आ चुकी है। अब दो मासूमों की मौत के बाद तालाब की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठ रहा है कि तालाब के आसपास बच्चों को पानी में उतरने से रोकने और संभावित दुर्घटनाओं को टालने के लिए पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं हैं। - त्योहारों के दौरान सुरक्षा उपाय जरूरी
त्योहारों और विसर्जन के अवसर पर तालाबों के आसपास लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पर्याप्त निगरानी, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, चेतावनी बोर्ड और पानी में उतरने पर रोक लगाने जैसे प्रभावी उपाय बेहद जरूरी हैं।
कोपरी गांव तालाब में हुई इस दुखद घटना के बाद महानगरपालिका प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की माँग की जा रही है।

