नवी मुंबई महानगरपालिका (NMMC) क्षेत्र के ‘जी’ वार्ड, ऐरोली कार्यालय के अंतर्गत आज 13 अवैध निर्माणों को ढहाने की जोरदार कार्रवाई की गई।
महानगरपालिका आयुक्त डॉ. कैलाश शिंदे द्वारा अवैध निर्माणों के खिलाफ दिए गए सख्त निर्देशों के तहत, अतिरिक्त आयुक्त डॉ. राहुल गेठे एवं अतिक्रमण विभाग के उपायुक्त संजय शिंदे के नियंत्रण में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। आज की इस विशेष मुहिम के दौरान सभी आठों वार्डों के सहायक आयुक्त एवं वार्ड अधिकारी ऐरोली में मौके पर मौजूद थे।

अदालत के निर्देश और नोटिस के बाद कार्रवाई
एडवोकेट किशोर शेट्टी द्वारा अदालत में दायर जनहित याचिका अवमानना मामला (CP/685/2025) में बिना अनुमति बनी अवैध इमारतों की तस्वीरें प्रस्तुत की गई थीं। इन तस्वीरों में शामिल अवैध निर्माणों को ‘जी’ – ऐरोली विभाग कार्यालय द्वारा महाराष्ट्र प्रादेशिक नियोजन एवं नगर रचना अधिनियम 1966 की धारा 54 के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे।
कानून के मुताबिक संबंधित भूस्वामियों को यह अवैध निर्माण स्वयं हटाना आवश्यक था, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया। इसी के तहत आज प्रशासन द्वारा डिमोलिशन (तोड़क) कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दायरे में आए 13 संपत्ति धारक:
- मनोज कुमार झा – रो हाउस नंबर 20, सेक्टर-02, अभिलाषा सोसाइटी, ऐरोली
- मोहम्मद मुबीन – सी-552, सेक्टर-02, ऐरोली
- सुनील नवरे – रो-हाउस नंबर 10, सेक्टर-2 बी, ऐरोली
- संतोष सुखदेव प्रसाद – मकान नंबर 95/97, गली नंबर 5, शिव कॉलोनी, सेक्टर-01, ऐरोली
- संजयकुमार दुबे – रो-हाउस नंबर 118, सेक्टर-2 बी, ऐरोली
- संजयकुमार दुबे – रो-हाउस नंबर 119, सेक्टर-2 बी, ऐरोली
- संजयकुमार दुबे – रो-हाउस नंबर 120, सेक्टर-2 बी, ऐरोली
- भीमराव पाटिल – जी-81, सेक्टर–03, ऐरोली
- संपत्ति धारक – जी-166, सेक्टर-03, ऐरोली
- विनीत विनय सिंह – रो-हाउस नंबर 10, प्रीति सोसाइटी, सेक्टर-2 सी, ऐरोली
- वैभव सदानंद सावंत – रो-हाउस नंबर 11, प्रीति सोसाइटी, सेक्टर-2 सी, ऐरोली
- दीनानाथ धर्मराज यादव – रो-हाउस नंबर 12, प्रीति सोसाइटी, सेक्टर-2 सी, ऐरोली
- अवधूत लक्ष्मण पवार – रो-हाउस नंबर 13, प्रीति सोसाइटी, सेक्टर-2 सी, ऐरोली

भारी मशीनरी और कड़े पुलिस बंदोबस्त के बीच कार्रवाई
इन सभी 13 स्थानों पर अवैध रूप से निर्माण कार्य शुरू किया गया था। नोटिस मिलने के बाद भी निर्माण न हटाने के कारण अतिक्रमण विभाग ने भारी मशीनरी का इस्तेमाल कर इन अवैध संरचनाओं को आंशिक रूप से ध्वस्त कर दिया।
इस कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने 1 जेसीबी, 1 पोकलेन, 36 मजदूर, 11 ब्रेकर, 15 घन (हथौड़े), 3 गैस कटर और 9 जनरेटर सेट का उपयोग किया। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अतिक्रमण विभाग की पुलिस और स्थानीय पुलिस बल का कड़ा बंदोबस्त तैनात रहा।
महानगरपालिका प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में भी सभी विभागों में अवैध निर्माणों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

