- ‘रिपब्लिकन एकजुटता, मजबूत लोकतंत्र का संकल्प’
महाराष्ट्र भूमि | नवी मुंबई :
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) का ६९वां स्थापना दिवस समारोह वाशी स्थित विष्णुदास भावे नाट्यगृह में ‘रिपब्लिकन एकजुटता, मजबूत लोकतंत्र का संकल्प’ के जोरदार उद्घोष के साथ अत्यंत उत्साहपूर्वक वातावरण में संपन्न हुआ। इस भव्य समारोह में आरपीआई (आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय सामाजिक न्याय व राज्यमंत्री रामदास आठवले मुख्य अतिथि व मुख्य मार्गदर्शक के रूप में उपस्थित थे।
समारोह का शुभारंभ वाशी स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज चौक से हुआ, जहां केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद विष्णुदास भावे नाट्यगृह पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और भीमसैनिकों ने ढोल-ताशों और गगनभेदी नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी की मूल विचारधारा, सामाजिक न्याय, सांगठनिक विस्तार, आगामी राजनीतिक रणनीति तथा देश के विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने संविधान के शिल्पकार भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जी के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और सामाजिक परिवर्तन के आंदोलन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
‘महायुति में आरपीआई को मिले उचित राजनीतिक हिस्सेदारी’ — रामदास आठवले
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने कहा कि पार्टी के प्रति समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की भूमिका आगामी राजनीतिक सफर में सबसे महत्वपूर्ण होगी। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट रुख अपनाते हुए कहा कि महायुति गठबंधन में आरपीआई (आठवले) को सम्मानजनक और उचित राजनीतिक हिस्सेदारी दी जानी चाहिए।
इस मौके पर सीमा आठवले, आरपीआई के महाराष्ट्र प्रदेशाध्यक्ष राजाभाऊ सरवदे, राज्य महासचिव गौतम सोनवणे, राज्य उपाध्यक्ष सिद्राम ओहोळ,नवी मुंबई जिलाध्यक्ष महेश खरे, एडवोकेट यशपाल ओहोळ सहित पूरे महाराष्ट्र से आए वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, महिला आघाड़ी, युवा आघाड़ी और भीमसैनिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

