महाराष्ट्र भूमि | अर्चना त्रिपाठी / नवी मुंबई :
सीबीडी बेलापुर प्रभाग क्रमांक २८ (ब) की भाजपा नगरसेविका स्वाति गुरखे के सतत प्रयासों और फॉलोअप को बड़ी सफलता मिली है। सीबीडी ब्रिज से उरण फाटा तक बेलापुर हाईवे पर भारी यातायात के कारण होने वाले गंभीर ध्वनि प्रदूषण से परेशान नागरिकों को राहत दिलाने के लिए हाईवे पर ‘साउंड बैरियर’ लगाने के प्रस्ताव को आखिरकार मंजूरी मिल गई है।
उल्लेखनीय है कि नगरसेविका स्वाति गुरखे ने नवी मुंबई महानगरपालिका की महासभा बैठक में हाईवे से सटे रिहायशी इलाकों में रहने वाले नागरिकों की इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया था। नागरिकों के स्वास्थ्य और मानसिक शांति पर पड़ रहे प्रभाव को ध्यान में रखते हुए उन्होंने महासभा के पटल पर प्रस्ताव रखा था। प्रस्ताव पेश करने के बाद से ही वे इसे स्वीकृत कराने के लिए लगातार प्रशासनिक फॉलोअप कर रही थीं।
- जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया — सागर नाईक
इस सफलता की जानकारी देते हुए सभागृह नेता सागर नाईक ने बताया कि नगरसेविका स्वाति गुरखे द्वारा प्रस्तुत साउंड बैरियर के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी गई है। उन्होंने आगे बताया कि अब निविदा प्रक्रिया और आवश्यक प्रशासनिक औपचारिकताएं तेजी से पूरी की जाएंगी, ताकि प्रत्यक्ष कार्य जल्द से जल्द शुरू हो सके। - नागरिकों को मिलेगी ध्वनि प्रदूषण से बड़ी राहत
साउंड बैरियर के निर्माण से बेलापुर हाईवे के आसपास स्थित आवासीय सोसायटियों और नागरिकों को दिन-रात होने वाले वाहनों के शोर से स्थाई राहत मिलेगी। स्थानीय नागरिकों की इस बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करवाने के लिए स्वाति गुरखे के जनहितैषी प्रयासों की क्षेत्र में काफी सराहना की जा रही है।

