महाराष्ट्र भूमि | नवी मुंबई:
नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन को पूरी तरह ध्वस्त करने और युवाओं में नशे की मांग को समाप्त करने के उद्देश्य से नवी मुंबई पुलिस और नवी मुंबई महानगरपालिका के संयुक्त तत्वावधान में ‘नशामुक्त नवी मुंबई अभियान’ की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत विशेष मुहिम ‘कैंपस कनेक्ट’ और सीबीडी बेलापुर सेक्टर-8 स्थित मदर टेरेसा भवन में नए ‘व्यसनमुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र’ का भव्य शुभारंभ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा नेरुल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि “कैंपस कनेक्ट अभियान के माध्यम से नवी मुंबई का प्रत्येक शैक्षणिक परिसर नशामुक्त समाज की लड़ाई का केंद्र बनेगा और छात्र इस अभियान के मुख्य प्रहरी होंगे।” उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे की गिरफ्त में आए छात्रों को अपराधी मानने के बजाय, उन्हें सहानुभूतिपूर्ण मार्गदर्शन, मेडिकल इलाज और परामर्श (काउंसलिंग) प्रदान कर समाज की मुख्यधारा में वापस लाना इस पहल का प्रमुख लक्ष्य है।
➤ अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा पुनर्वास केंद्र
सीबीडी बेलापुर सेक्टर-8 में शुरू किए गए इस केंद्र में शुरुआती चरण में 11 बेड की क्षमता रखी गई है। यहाँ भर्ती होने वाले मरीजों के लिए अनुभवी मनोचिकित्सक, मनोवैज्ञानिक/काउंसलर, नर्स और प्रशिक्षित स्टाफ उपलब्ध रहेगा।
इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के वन मंत्री गणेश नाईक, रायगढ़ जिला के पालकमंत्री भरत गोगावले, विधायक मंदाताई म्हात्रे, विधान परिषद सदस्य रवींद्र फाटक, विक्रांत पाटिल, विधायक महेश बालदी, सिडको के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अश्विन मुद्गल, कोंकण संभागीय आयुक्त रुबल अग्रवाल, ठाणे जिलाधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल, नवी मुंबई पुलिस आयुक्त मिलिंद भारंबे, नवी मुंबई मनपा आयुक्त डॉ. कैलाश शिंदे, पनवेल मनपा आयुक्त मंगेश चितले और डी. वाई. पाटील विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. विजय पाटिल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

