महाराष्ट्र भूमि | नवी मुंबई:
केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने नवी मुंबई के सीबीडी बेलापुर में स्थित देश के पहले वस्त्र रीसाइक्लिंग केंद्र का दौरा कर, इस महत्वाकांक्षी परियोजना का विस्तृत निरीक्षण किया। केंद्र सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अधीन वस्त्र समिति और नवी मुंबई महानगरपालिका (के संयुक्त तत्वावधान में शुरू किए गए इस पर्यावरण-अनुकूल प्रकल्प की उन्होंने जमकर सराहना की।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने टीआरएफ केंद्र में पुनर्निर्मित वस्तुओं की बिक्री के लिए विशेष रूप से बनाए गए ‘थ्रिफ्ट स्टोर’ का भी विधिवत उद्घाटन किया।
➤ अन्य शहरों के लिए मॉडल बनेगा नवी मुंबई:
दौरे के दौरान केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि नवी मुंबई देश का पहला ऐसा शहर बन गया है, जिसने वस्त्र रीसाइक्लिंग के लिए इतनी प्रभावी और वैज्ञानिक परियोजना शुरू की है। इस प्रोजेक्ट की सफलता को देखते हुए केंद्र सरकार देश के अन्य प्रमुख शहरों में भी इसी मॉडल पर आधारित रीसाइक्लिंग प्रकल्प स्थापित करने पर ध्यान केंद्रित करेगी, जिससे देश भर में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन अभियान को नई दिशा मिलेगी।
➤ महिला सशक्तिकरण और कचरा प्रबंधन का अनोखा संगम:
केंद्रीय मंत्री ने आगे जोर देते हुए कहा कि यह प्रकल्प न केवल इस्तेमाल किए गए कपड़ों और ठोस कचरे के बेहतर प्रबंधन में कारगार साबित हो रहा है, बल्कि इसके जरिए स्थानीय महिलाओं को रोजगार के नए अवसर भी मिल रहे हैं, जिससे उनका सामाजिक व आर्थिक सशक्तिकरण हो रहा है।

इस निरीक्षण दौरे के दौरान नवी मुंबई के उपमहापौर दशरथ भगत, मनपा आयुक्त डॉ. कैलाश शिंदे, स्वास्थ्य समिति सभापति डॉ. जयाजी नाथ, नगरसेविका सुरेखा नरबागे, अतिरिक्त आयुक्त डॉ. राहुल गेठे, टीआरएफ प्रकल्प प्रमुख एवं उपायुक्त स्मिता काले तथा ठोस कचरा प्रबंधन उपायुक्त डॉ. अजय गडदे उपस्थित थे।
इसके साथ ही वस्त्र मंत्रालय की विकास आयुक्त एम. बीना, वस्त्र उद्योग आयुक्त एवं वस्त्र समिति की उपाध्यक्ष वृंदा देसाई और वस्त्र समिति के निदेशक व प्रकल्प समन्वयक डॉ. तपनकुमार राउत सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति भी इस दौरान मौजूद रहे।

